जेपी नड्डा भोपाल प्रवास पर करेंगे नवीन कार्यालय का भूमिपूजन
बूथ सम्मेलन और प्रबुद्धजनों को करेंगे संबोधित, प्रदेश कोर कमेटी की लेंगे बैठक
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रविवार को भोपाल प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान नड्डा मन की बात कार्यक्रम, नवीन प्रदेश कार्यालय का भूमिपूजन, संभागीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, प्रबुद्धजन समागम एवं प्रदेश कोर कमेटी की बैठक को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रविवार को प्रातः 10.10 बजे स्टेट हैंगर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल, फग्गनसिंह कुलस्ते, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेता नड्डा का स्वागत करेंगे। नड्डा प्रातः 10.45 बजे भोपाल जिले के गांधीनगर मंडल के सनसिटी स्थित बूथ क्रमांक 53 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे। दोपहर 1.55 बजे नवीन भाजपा प्रदेश कार्यालय का भूमिपूजन करेंगे। नड्डा दोपहर 2.45 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम (लाल परेड ग्राउंड) में भोपाल एवं नर्मदापुरम के संभागीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। शाम 5 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हाल में प्रबुद्धजन समागम को संबोधित करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा शाम 7 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक को संबोधित करेंगे।