भाजपा ही कर सकती है गरीब कल्याण के साथ देश को सुरक्षित, समृद्ध बनाने का काम : अमित शाह
- कमलनाथ नहीं, झूठनाथ हैं, रोज झूठी घोषणाएं करते हैं: शिवराजसिंह चौहान
भोपाल। कांग्रेस ने जिस धारा 370 को वर्षों तक लटकाए रखा, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अगस्त, 2019 को उसे एक झटके में हटा दिया और भारत माता का मुकुटमणि कश्मीर हमेशा के लिए भारत से जुड़ गया। कांग्रेस के जमाने में पाकिस्तान से आतंकी आते थे और हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। मोदी की सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करके आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा। देश के विभिन्न हिस्सों से वामपंथी उग्रवाद आज समाप्ति की ओर है। देश को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के साथ-साथ गरीब कल्याण के काम सिर्फ भाजपा कर सकती है। इसलिए आप सभी इस साल होने वाले चुनाव में जिले की सातों विधानसभा सीटों, 2024 में लोकसभा सीट पर भाजपा को जिताने और एक बार फिर मोदी की सरकार बनाने का संकल्प लें। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को छिंदवाड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि छिंदवाड़ा उन स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि है, जिन्होंने रोलेट एक्ट के विरोध, असहयोग आंदोलन, झंडा सत्याग्रह, जंगल सत्याग्रह, भारत छोड़ो आंदोलनों में भाग लेकर आजादी की लड़ाई को धार दी थी। जल, जंगल और जमीन के लिए अंग्रेजों से लोहा लेने वाले बादल भोई और सभी स्वतंत्रता सेनानियों को प्रणाम करता हूं। शाह ने कहा कि छिंदवाड़ा जनजातीय और पिछड़ा वर्ग बहुल जिला है, लेकिन देश की सत्ता में लंबे समय तक रहने वाली कांग्रेस ने इन वर्गों के सम्मान की कभी चिंता नहीं की। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने की। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा की सरकार बनते ही प्रधानमंत्री मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया था कि हमारी सरकार गरीबों, पिछड़ों, आदिवासियों और दलितों की सरकार है। सत्ता में आते ही मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया। मोदी सरकार ने ही एक गरीब आदिवासी परिवार की बेटी बहन द्रौपदी मुर्मू को महामहिम द्रौपदी मुर्मू बनाया। भाजपा की प्रदेश सरकार ने आदिवासी भाइयों को अधिकार देने के लिए देश में सबसे पहले पेसा कानून लागू किया है।
कांग्रेस ने सिर्फ नारा दिया, गरीबों का जीवन बदल रही मोदी सरकार -
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा दिया, गरीबी हटाने के लिए कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार अपनी योजनाओं के जरिये देश के 80 करोड़ लोगों के जीवन में परिवर्तन ला रही है। मोदी सरकार ने 60 करोड़ जनधन खाते खोले हैं, जिनमें विभिन्न योजनाओं की राशि सीधे तौर पर भेजी जा रही है। 13 करोड़ परिवारों को गैस सिलेंडर दिये हैं। 10 करोड़ घरों में शौचालय बनवाए हैं, 3 करोड़ा गरीब परिवारों को पक्के घर दिये हैं। 60 करोड़ा लोगों के पांच लाख रुपये तक के इलाज का खर्च मोदी सरकार उठा रही है। मोदी सरकार करोड़ों गरीबों को पांच किलो अनाज मुफ्त दे रही है और कोरोना संकट के दौरान 130 करोड़ लोगों को मुफ्त टीके लगवाए हैं।
अपने कामों का हिसाब दें कमलनाथ -
शाह ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा उनको प्रदेश की जनता ने मौका दिया था, उन्हें छिंदवाड़ा की जनता को यह बताना चाहिए कि इस दौरान उन्होंने क्या किया? उन्होंने सिर्फ प्रदेश के संसाधनों की लूट-खसोट और भ्रष्टाचार किया। कन्हान कांपलेक्स बांध में सैकड़ों करोड़ का एडवांस पेमेंट जिन लोगों को किया, उसमें कमलनाथ के करीबी शामिल हैं। अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में उनके करीबियों के नाम हैं। कमलनाथ ने बेरोजगारी भत्ता देने और वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया। छिंदवाड़ा में सहकारी शक्कर कारखाना नहीं खुला। हर्राडोल कोयला खदान और माचिस का कारखाना शुरू नहीं हुआ। चौसरा थर्मल पॉवर प्लांट नहीं लगा। बांधों की परियोजना पूरी नहीं की। कांग्रेस और कमलनाथ सिर्फ वादे करते हैं, उन्हें पूरा नहीं करते। कमलनाथ सरकार ने भाजपा की शिवराज सरकार द्वारा शुरू की गई संबल और तीर्थदर्शन जैसी गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने का काम किया।
विकास में कसर नहीं रहने देगी भाजपा -
शाह ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने छिंदवाड़ा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा की सरकार ने जिले के लिए 3400 करोड़ रुपये का बजट दिया है। माछा गोरा डेम से जिले में 1.26 लाख हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई की जाएगी। सर्वसुविधायुक्त अस्पताल के लिए 800 करोड़ का प्रावधान किया है। प्रधानमंत्री सड़क योजना में 100 करोड़ रुपये और नेशनल हाईवे की मरम्मत के लिए 412 करोड़ रुपये जिले को दिये हैं। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने छिंदवाड़ा-नागपुर और छिंदवाड़ा-मंडला रेल लाइन के दोहरीकरण के लिए भी प्रावधान किए हैं।
कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते सवा साल सिर्फ भ्रष्टाचार किया: शिवराज -
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अमित भाई ने छिंदवाड़ा में कदम भी नहीं रखा और कांग्रेस वाले घबरा गए। उन्होंने वीडियो जारी कर एक सवाल पूछा है कि 5,600 करोड़ रुपये की सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना का काम क्यों रोक दिया? सुन लो कमलनाथ, हमने इसलिए रोका है कि तुमने बिना डिजाइन के अनुमोदन के ठेकेदारों को 2,150 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। हम जाँच कर रहे हैं, अधिकारी सस्पेंड हुए हैं। भाजपा सरकार ने यहां मेडिकल कॉलेज के लिए 800 करोड़ स्वीकृत किये हैं। कमलनाथ तुमने 1,500 करोड़ स्वीकृत किये थे लेकिन खाने के लिए किये थे। हम 800 करोड़ में ही शानदार मेडिकल कॉलेज बनाएंगे।
कमलनाथ की छिंदवाड़ा से छुट्टी करो -
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अजब पार्टी हो गई है। ऊपर प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी। नीचे प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, मुख्यमंत्री कौन बनेगा कमलनाथ, युवाओं का नेता नकुलनाथ और पूरी कांग्रेस अनाथ। ऐसे कमलनाथ की छिंदवाड़ा से छुट्टी करो। चौहान ने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि संकल्प लीजिए कि हम अमित शाह के मार्गदर्शन में सातों विधानसभा सीटें जीतेंगें, पिछली बार लोकसभा का चुनाव बाल-बाल बच गया था, इस बार वो भी जीतेंगे और छिंदवाड़ा को कांग्रेस-मुक्त करेंगे।
सभी सीटें जीतकर भाजपा का परचम फहराएंगे: वीडी शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा, दुनिया का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के 16 राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं। इसके पीछे अमित शाह की रणनीति है। उन्होंने देश में पार्टी का परचम फहराया है। आज हम सभी शाह के नेतृत्व में संकल्प लें कि छिंदवाड़ा की सातों विधानसभा सीटें और लोकसभा सीट जीतकर भाजपा परचम फहरायेंगे और इतिहास बनायेंगे।