कांग्रेस नेत्री सुस्तानी, बसपा नेत्री चौधरी एवं पूर्व में निष्कासित प्रीतम लोधी भाजपा में शामिल
- मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई पार्टी की सदस्यता
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष राजगढ़ से कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मोना सुस्तानी, बसपा की वरिष्ठ नेत्री एवं रैगांव से पूर्व विधायक उषा चौधरी एवं भाजपा से पूर्व में निष्कासित किए गए प्रीतम लोधी ने रविवार को सुबह भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने के बाद तीनों नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से सौजन्य भेंटकर आशीर्वाद लिया।
प्रीतम लोधी का सात माह में खत्म हुआ वनवास -
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा रूठों को मनाने में जुटी है। इसी कड़ी में पार्टी से पूर्व में निष्कासित किए गए प्रीतम लोधी को भाजपा ने एक बार फिर पार्टी में शामिल कर लिया है। ब्राह्मणों और कथावाचकों को लेकर विवादित बयान देने पर लोधी को अगस्त 2022 में भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित किया गया था, लेकिन विधानसभा चुनाव में लोधी वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए उनका वनवास सात माह में ही खत्म हो गया। उन्हें गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा मंच पर लेकर पहुंचे थे। उमा भारती के समर्थक प्रीतम लोधी को पार्टी में वापस लाने के प्रयास कई दिनों से चल रहे थे। ग्वालियर के प्रवास के समय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी उनकी भेंट हुई थी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि तीन मार्च 2023 को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में वे भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। लोधी छह मार्च को मुख्यमंत्री के साथ राजधानी के स्मार्ट सिटी उद्यान में भी दिखाई दिए थे। उन्होंने साथ में पौधा रोपा था। प्रीतम लोधी उमा भारती के कट्टर समर्थक माने जाते हैं, इसके चलते उमा भारती भी उन्हें पार्टी में वापस शामिल कराने का प्रयास कर रहीं थीं। उमा ने पार्टी से भी कहा था कि अगर प्रीतम लोधी का निस्कासन समाप्त न किया गया तो यह पार्टी के लिए नुकसानदायक होगा। इसके अलावा उमा भारती ने प्रीतम लोधी के घर जाकर उन्हें भी विवादास्पद बयान न देने की हिदायत दी थी।